दिल्ली भाजपा के नये अध्यक्ष बने हर्ष मल्होत्रा
मैं दिल्ली में भाजपा को आगे बढ़ाने तथा दिल्ली सरकार के कार्यों को और गति देने के लिए हर संभव प्रयास करंगा : हर्ष मल्होत्रा

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा में 28 मई को सुबह अध्यक्षीय परिवर्तन की घोषणा हुई और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं पूर्वी दिल्ली से सांसद हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया।
भाजपा की उच्च संगठनात्मक परम्पराओं का पालन करते हुए निवर्तमान अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने तुरंत आज शाम प्रदेश कार्यालय में एक सादे मगर प्रभावी कार्यक्रम में श्री हर्ष मल्होत्रा का हजारों कार्यकर्ताओं की प्रदेश कार्यालय के बाहर उपस्थिती में स्वागत किया और उन्हे पदभार सौंपा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, पूर्व अध्यक्ष डा. हर्षवर्धन, विजय गोयल, सतीश उपाध्याय, सांसद मनोज तिवारी एवं आदेश गुप्ता, दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद एवं कपिल मिश्रा, महापौर प्रवेश वाही, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत, सुश्री बाँसुरी स्वराज एवं स्वाति मालीवाल और एन.डी.एम.सी. उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल एवं मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर द्वारा संचालित समारोह में उपस्थित रहकर नवनियुक्त अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा का स्वागत अभिनंदन किया।
प्रदेश पदाधिकारी राजीव बब्बर, राजकुमार भाटिया, हरीश खुराना, सरदार इमप्रीत सिंह बख्शी, बृजेश राय, सुनीता कांगड़ा, राजकुमार भाटिया, सारिका जैन, नरेश ऐरन, सोना कुमारी, डा. योगेश आत्रेय, डा. अनिल गुप्ता, यासिर जिलानी, शुभेन्दू शेखर अवस्थी, अजय सहरावत आदि भी उपस्थित रहे।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि जिन प्रदेश अध्यक्षों के मार्गदर्शन में मैने काम किया है आज वे सभी लोग मुझे आशीर्वाद देने के लिए आए हुए हैं। साथ ही आज दिल्ली की मुख्य मंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता भी अपने मंत्रियों के साथ मुझे आशीर्वाद एवं शुभकामनाऐ देने आईं है और इन सभी मै आभार व्यक्त करता हूं।
उन्होंने कहा कि 27 वर्षों बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी और मुख्यमंत्री श्री रेखा गुप्ता हमारी मुख्यमंत्री बनीं। यह सब दिल्ली में हमारे हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और हमारे *निवर्तमान अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा* के प्रेरणादायक नेतृत्व का परिणाम है।
श्री मल्होत्रा ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आशीर्वाद से मैं इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को स्वीकार करता हूँ। मेरा मानना है कि भाजपा में जिम्मेदारियाँ 400 मीटर की रिले दौड़ की तरह होती हैं, आज वीरेन्द्र सचदेवा ने मुझे यह जिम्मेदारी रूपी बैटन सौंपी है और मैं संकल्प लेता हूँ कि दिल्ली के हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ और नेतृत्व के मार्गदर्शन में, मैं दिल्ली में भाजपा को आगे बढ़ाने तथा दिल्ली सरकार के कार्यों को और गति देने के लिए हर संभव प्रयास करूँगा।
दिल्ली भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि आज दिल्ली में हमारी यशस्वी सरकार काम कर रही है और जिस सिद्धांत के साथ सरकार काम कर रही है उन कामों को अब नई ऊंचाईयों पर ले जाने का दायित्व अब *नए अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा* के कंधों पर है।
हम सब जानते हैं कि एक प्रशासक के रुप में मेयर, सांसद और मंत्री के रुप में आपके पास काम का अनुभव है तो दूसरी तरफ एक संगठक के रूप में भी लंबा अनुभव हैं। पिछले 25 सालों से हम एक दूसरे के साथ काम कर रहे हैं और उनके अनुभव का लाभ हमारे संगठन को मिलने वाला है और मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में हमारा संगठन लगातार उन ऊंचाईयों को छुएगा जिनकी हम सब कल्पना करते हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि जब से वीरेन्द्र सचदेवा ने हमारी दिल्ली इकाई की कमान संभाली है, उनके नेतृत्व में पार्टी ने नई ऊँचाइयों को छुआ है। आखिरकार वह क्षण आया, जिसका पूरे देश को बेसब्री से इंतजार था — 27 वर्षों बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी। उन्होंने कहा कि आज हर्ष मल्होत्रा इसी जिम्मेदारी को संभालने के लिए आगे आए हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हर्ष मल्होत्रा भी दिल्ली भाजपा के सभी साथियों और कार्यकर्ताओं का उसी प्रकार मार्गदर्शन और संरक्षण करेंगे, जैसे वीरेन्द्र सचदेवा ने किया, और हम सभी को एक परिवार के सदस्य के रूप में साथ लेकर चलेंगे।


