प्रख्यात पखावज वादक डा.राज खुशीराम का निधन

लखनऊ । प्रख्यात पखावज वादक डा.राज खुशीराम का निधन हो गया। वह करीब 72 वर्ष के थे। वह अयोध्या घराने के विख्यात पखावज वादक स्वामी पागल दास के शिष्य और लखनऊ घराने कै कथक गुरु लच्छू महाराज की पटशिष्या कथक नृत्यांगना कपिला राज के पति थे। उन्हें कल सांस लेने में तकलीफ़ हुई तो मेडिकल कॉलेज में दिखाया गया। उसके बाद गोमतीनगर घर आ गये, परन्तु सांस की तकलीफ़ दूर नहीं हुई। आज शाम करीब सात बजे उनका निधन हो गया। भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय में पखावज के अतिथि शिक्षक थे। उनका अंतिम संस्कार कल 18 दिसम्बर को पूर्वाह्न 11 बजे बैकुंठ धाम भैंसाकुंड में किया जाएगा।
वे केवल एक महान मृदंगाचार्य ही नहीं थे, बल्कि एक अत्यंत सरल, विनम्र, अनुशासित और स्नेह से परिपूर्ण व्यक्तित्व के धनी थे।
उनका जीवन संगीत साधना, गुरु-शिष्य परंपरा, अनुशासन और मूल्यों की मिसाल रहा।
भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय है। अंतर्राष्ट्रीय ध्रुपद मेला, वाराणसी के 50वें वर्ष (गोल्डन जुबली वर्ष) के अवसर पर काशीनरेश महाराज अनन्त नारायण सिंह जी द्वारा उन्हे लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड
से सम्मानित किया गया। इसके पूर्व वर्ष 2019 में जयपुर, राजस्थान में भी उन्हें लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड प्राप्त हुआ था।
उनके निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए वरिष्ठ रंगकर्मी गोपाल सिन्हा ने कहा बहुत ही दुखद समाचार।।हमेशा मुस्कराता चेहरा। जितने उत्कृष्ट पखावज वादक, उतने ही सहज व सरल व्यक्तित्व के धनी।
वरिष्ठ पत्रकार व कला समीक्षक राजवीर रतन ने स्वर्गीय राज ख़ुशीराम को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हमारे तीन दशकों के मित्र और मेरे बच्चों के संरक्षक थे। उनके छोटे भाई के आर विनोद मेरे अभिन्न मित्र थे।
रंगकर्मी और फिल्म अभिनेता डॉ. अनिल रस्तोगी ने कहा कि प्यारे राजू के दुखद निधन के बारे में जानकर गहरा सदमा लगा। वह एक महान इंसान, बहुत मिलनसार और सच्चे सज्जन थे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएँ।
प्रो. डॉ मधु भट्ट तैलंग इण्टरनेशनल ध्रुवपद धाम ट्रस्ट
रसमंजरी संगीतोपासना केंद्र जयपुर ने स्व. राज ख़ुशीराम को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि बहुत ही खेदजनक है,संगीत क्षेत्र और ये हमारी व्यक्तिगत बहुत बड़ी क्षति है। ईश्वर की आराधना -साधना करते हुए पूरा जीवन व्यतीत किया। हमारे पिता जी से बहुत गहरी भावनाओं से जुड़ा हुआ पारिवारिक संबंध थे उनसे, हमने उन्हें दिसम्बर में हमारे ट्रस्ट इण्टरनेशनल ध्रुवपद धाम ट्रस्ट द्वारा आयोजित ३१वें राष्ट्रीय ध्रुवपद समारोह में आमंत्रित किया था और बहुत विद्वत्तापूर्ण वादन किया था ,जो अविस्मरणीय रहेगा हम उन्हें हमेशा याद रखेंगे हार्दिक सादर संवेदना ,ईश्वर उन्हें शरणागत करें ।



