उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

हरदोई में गरीब की भूमि पर अवैध निर्माण जारी, सीएम के निर्देश भी बेअसर!

हरदोई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रदेश में भू-माफियाओं और दबंगों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश के बावजूद, हरदोई जनपद की संडीला तहसील में दबंगों द्वारा एक गरीब अल्पसंख्यक व्यक्ति की कृषि भूमि पर अवैध रूप से आवासीय, व्यावसायिक निर्माण कराए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित द्वारा शिकायत किए जाने के बाद भी, स्थानीय प्रशासन दबंगों के आगे कथित रूप से असहाय बना हुआ है।

घटना संडीला तहसील क्षेत्र के कछौना मार्ग की है। पीड़ित लियाकत अली ने आरोप लगाया है कि उनकी कृषि भूमि गाटा संख्या 308 पर जबरन अवैध निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कराने वालों में सेवानिवृत शिक्षक छोटे मास्टर, उनके पुत्र अभिषेक शुक्ला ग्राम स्यौहरपुर तथा अनुसूचित जाति के श्रीपाल पुत्र सकटू ग्राम कामीपुर शामिल हैं।

पीड़ित के अनुसार, शिक्षक छोटे मास्टर और अभिषेक शुक्ला ने अनुसूचित जाति के श्रीपाल की कृषि भूमि खरीदी है, और उसी की आड़ में लियाकत अली की भूमि पर जबरन कब्ज़ा कर पिलर गाड़कर निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। लियाकत अली द्वारा अपनी भूमि से उन्हें निकास न देने पर भी, यह अवैध कब्ज़ा जारी है।

लियाकत अली ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में थाना कछौना और उप जिलाधिकारी SDM संडीला से शिकायत की थी। शिकायत के बाद पुलिस और लेखपाल ने मौके पर आकर निर्माण कार्य बंद भी करवा दिया था।

लेकिन, दबंग और प्रभावशाली छोटे मास्टर एवं अभिषेक शुक्ला ने अपनी ताकत का इस्तेमाल करते हुए, अनुसूचित जाति के श्रीपाल और उनकी पत्नी को आगे करके निर्माण कार्य फिर से शुरू करवा दिया है, और यह कार्य अनवरत जारी है।

धमकी का आरोप, पीड़ित लियाकत अली ने यह भी बताया कि जब वह निर्माण का विरोध करते हैं, तो श्रीपाल और उनकी पत्नी द्वारा उन्हें एससी, एसटी के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है।

पीड़ित लियाकत अली का कहना है कि उनकी भूमि पर अवैध कब्ज़ा हो रहा है, और वह न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। इस गंभीर मामले में भी, तहसील और थाना प्रशासन दबंगों के आगे असहाय बना हुआ है, जिससे मुख्यमंत्री के भू-माफिया विरोधी अभियान की सार्थकता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

क्षेत्रीय लोगों ने मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जाँच की जाए और पीड़ित को तत्काल न्याय दिलाते हुए, अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button