उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

वक्फ संपत्ति के नाम पर निजी मकानों पर कब्जे की कोशिश

मुतवल्ली समेत तीन पर FIR दर्ज, सआदतगंज का मामला

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के थाना सआदतगंज क्षेत्र में वक्फ संपत्ति के नाम पर लोगों की निजी और पैतृक संपत्तियों पर अवैध रूप से कब्जा करने और उन्हें धमकाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक संगठित गिरोह द्वारा स्थानीय नागरिकों की निजी जमीन और मकानों को वक्फ और असारे खदीमा की संपत्ति बताकर नोटिस जारी करने और दबाव बनाने के खिलाफ एक पीड़ित ने FIR दर्ज कराई है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, इस गिरोह का मुख्य आरोपी हाशिम है, जो खुद को शिया वक्फ बोर्ड का मुतवल्ली बताता है। आरोप है कि हाशिम अपने पद का दुरुपयोग करते हुए लोगों की निजी संपत्तियों पर अवैध रूप से नोटिस जारी करता था और उन्हें वक्फ संपत्ति बताकर उस पर कब्जा जमाने की कोशिश करता था।

यह गिरोह लोगों को उनकी निजी जमीन और मकान खाली करने के लिए बाध्य करता था, जिससे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बन गया था।

पीड़ित द्वारा दर्ज कराई गई FIR में तीन व्यक्तियों को नामजद किया गया है। इनमें मुख्य आरोपी हाशिम के अलावा राजू और नजमुल उर्फ विक्की शामिल हैं। इनके साथ ही कुछ अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

शिकायत में कहा गया है कि गिरोह ने पीड़ित के मकान पर बुरी नियत रखी हुई थी और उस पर कब्जा करने के लिए नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा था। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया, तो गिरोह के सदस्य उसके घर के बाहर पहुंचे, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

गिरोह के मुख्य आरोपी हाशिम पर पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लग चुका है। सूत्रों के अनुसार, हाशिम पर पूर्व में भी जमीन कब्जा करने और उन्हें अवैध प्लॉटिंग के माध्यम से बेचने का आरोप लग चुका है। विशेष रूप से, दरगाह रोड पर NK पैलेस के पीछे भी अवैध प्लाटिंग करने का काम वह कर चुका है।

यह मामला न केवल निजी संपत्ति के अधिकार का उल्लंघन है, बल्कि वक्फ बोर्ड जैसी संवैधानिक संस्थाओं की शक्तियों के दुरुपयोग का भी गंभीर उदाहरण है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए, सआदतगंज पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब इस संगठित गिरोह के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button