सरदार पटेल की पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय लोकदल ने दी श्रद्धांजलि, उनके एकता के विचारों को किया नमन

लखनऊ । भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि के अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे के नेतृत्व में, में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आज जी॰पी॰ओ॰ स्थित विधान सभा के समीप स्थापित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव श्री विजय श्रीवास्तव प्रोफेशनल मंच के अध्यक्ष श्री अंबुज पटेल प्रदेश सचिव श्री अफसर अली श्री महेश पाल धनगर श्री प्रमोद शुक्ला प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इसके उपरांत प्रदेश मुख्यालय पर सरदार पटेल जी के सिद्धांतों पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका संचालन राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने किया।
विचार गोष्ठी को राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे जी ने संबोधित किया l उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की आज़ादी के बाद बिखरे हुए भारत को एक मजबूत और अखंड राष्ट्र के रूप में संगठित करने का ऐतिहासिक कार्य किया। रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने भारत की एकता और अखंडता को स्थायी आधार प्रदान किया।
अनिल दुबे ने कहा कि आज जब देश सामाजिक और राजनीतिक चुनौतियों से गुजर रहा है, तब सरदार पटेल के विचार राष्ट्रीय एकता, प्रशासनिक दृढ़ता, अनुशासन और राष्ट्र सर्वोपरि की भावना पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय लोकदल चौधरी चरण सिंह और सरदार पटेल की विचारधारा को आत्मसात करते हुए किसानों, मजदूरों, युवाओं और कमजोर वर्गों के हक़ की लड़ाई निरंतर लड़ता रहेगा।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में एकता, सद्भाव और राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करें।
राष्ट्रीय सचिव विजय श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल का जीवन त्याग, साहस और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। आज के युवाओं को उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से सीख लेकर देश की सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
प्रोफेशनल मंच उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अंबुज पटेल ने कहा कि सरदार पटेल न केवल एक महान नेता थे, बल्कि एक कुशल प्रशासक भी थे, जिनकी नीतियाँ आज भी देश के लिए मार्गदर्शक हैं।
उन्होंने कहा कि प्रोफेशनल वर्ग को सामाजिक जिम्मेदारियों को समझते हुए राष्ट्रहित में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने कहा कि सरदार पटेल राष्ट्र निर्माण के महान शिल्पकार थे। राष्ट्रीय लोकदल उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक न्याय एवं राष्ट्रीय एकता के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
इस अवसर पर पार्टी के नगर अध्यक्ष सरताज मालिक ,जिला अध्यक्ष सत्यप्रकाश तिवारी साथ साथ पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



