मिस एंड मिस्टर उत्तर प्रदेश–2025-26 टैलेंट हंट प्रतियोगिता में युवाओं की प्रतिभाओं ने जीता दिल
23 दिसम्बर को होगा ग्रैंड फिनाले

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के युवा कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने के उद्देश्य से “उत्तर प्रदेश आर्टिस्ट अकादमी” द्वारा “मिस एंड मिस्टर उत्तर प्रदेश–2025-26” टैलेंट हंट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस कड़ी में रविवार 7 दिसम्बर को गोमती नगर विभूति खंड स्थित होटल सेवी ग्रैंड में टैलेंट हंट का आयोजन किया गया। इसमें लगभग दो सौ प्रतिभागियों ने अपने हुनर का प्रभावी प्रदर्शन कर अपनी प्रबल दावेदारी पेश की।
प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 23 दिसंबर को लखनऊ में आयोजित किया जाएगा, जिसमें फिल्म जगत की प्रतिष्ठित हस्तियाँ राजकुमार संतोषी, अनिल शर्मा, राहुल रॉय, सुरेंद्र पाल, अली खान, हेमंत बिरजे, उर्वशी सोलंकी, शुभी जोशी और संजय गगनानी की उपस्थिति प्रस्तावित है। रविवार को हुई प्रतिस्पर्धा के निर्णायक मंडल में अंतरराष्ट्रीय फैशन डिजाइनर निधि खन्ना, कोरियोग्राफर दीप सच्चर, निहिल श्रीवास्तव, मिस उत्तर प्रदेश तनिष्क शर्मा, प्रभाती पांडे, वैष्णवी दुबे, अभिनेता पुष्पेंद्र सक्सेना तथा अजीम खान, अज़हर मिर्ज़ा उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल ने सुयोग्य प्रतिभागियों का चयन अपनी अपनी कसौटी पर किया।
मिस एंड मिस्टर उत्तर प्रदेश के टैलेंट हंट राउंड में दीपांजलि त्रिपाठी ने सेमी क्लासिकल गाने पर सुंदर डांस किया वहीं अभिमन्यु राज ने अपनी गायकी से मशहूर गायक राहत फतेह अली के सूफियाना अंदाज को पेश किया। आयुषी सिंह ने “वो कृष्णा है” गाने पर जोशीला नृत्य कर अपने हुनर का प्रदर्शन किया वहीं राहुल प्रताप सिंह ने “तू ही रे” गाना सुनाया वहीं शिवेन्द्र सक्सेना ने शायरी सुनायी।
संस्था के अध्यक्ष वामिक के अनुसार बीते 31 वर्षों से उत्तर प्रदेश आर्टिस्ट अकादमी, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं शैक्षिक कार्यक्रमों का सफल आयोजन कर प्रदेश की कला और संस्कृति को नई पहचान दिला रही है। उनके अनुसार यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश के उन प्रतिभावान युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है जो गायन, नृत्य, अभिनय, फैशन और मॉडलिंग जैसे प्रतिष्ठित कला क्षेत्रों में उज्ज्वल भविष्य बनाना चाहते हैं। इस प्रतियोगिता के लिए अब तक कानपुर, आगरा, वाराणसी, झांसी, प्रयागराज, गोरखपुर, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली और फैजाबाद सहित कई जिलों में ऑडिशन हो चुके हैं। उनमें लगभग चार हजार प्रतिभागियों ने भाग लिया है। हर जिले से चयनित तीन युवक और तीन युवतियों का चुनाव कर लखनऊ में होने वाले ग्रैंड फिनाले में अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा।



