बीएचयू इंजीनियर्स एलुमनी, लखनऊ का तेरहवां महाधिवेशन धूमधाम से मनाया गया

लखनऊ : रविवार 07 दिसम्बर, 2025 को बीएचयू इंजीनियर्स एलुमनी, लखनऊ का तेरहवां महाधिवेशन चौधरी चरण सिंह सभागार, सिंचाई भवन, एनेक्सी, उदयगंज, लखनऊ में बहुत धूम-धाम से मनाया गया।
यह संगठन आईआईटी, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी से उत्तीर्ण हुए लखनऊ में रह रहे अभियन्ताओं का संगठन है। इसमें विभिन्न अभियंत्रण विभागों में उच्च पदों पर सेवारत, उच्च पदों से सेवानिवृत्त तथा अनेक क्षेत्रों के उद्यमी, लगभग 300 अभियन्ता सम्मिलित हैं।
इस महाधिवेशन में 1965 बैच से लेकर 2012 बैच के आईआईटी, बीएचयू के लगभग पैंसठ अभियंताओं ने प्रतिभाग किया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. ए के त्रिपाठी, अध्यक्ष, बनारस एल्यूमिनी एसोसिएशन, वाराणसी तथा मुख्य
आतिथेय, 1965 इलेक्ट्रिकल बैच के पुरा छात्र इं० डाॅ रमापति दुबे थे। समारोह की अध्यक्षता इं० उदयभान पाण्डेय, अध्यक्ष बीएचयू इंजीनियर्स अल्यूमिनी लखनऊ ने किया। इसके अतिरिक्त प्रो. ए के त्रिपाठी जी की धर्मपत्नी डाॅ नीलम मिश्रा ने समारोह में सम्मिलित होकर इसकी गरिमा बढ़ाई।
सम्पूर्ण कार्यक्रम का संचालन इं० परेश प्रसाद, महासचिव एवं इं० कायम रज़ा रिज़्वी, उपाध्यक्ष ने किया।
इं० परेश प्रसाद, महासचिव द्वारा मुख्य अतिथि प्रो. ए के त्रिपाठी एवं मुख्य आतिथेय डाॅ इं० रमापति दुबे जी का स्वागत करते हुए उन्हें मंच पर आमंत्रित किया गया। इसी तारतम्य में इं० विजय प्रताप, इं० अरुण, इं० नरेश चन्द्र श्रीवास्तव, इं० उदयभान पाण्डेय, अध्यक्ष एवं इं० कायम रज़ा रिज़्वी ने मंच पर स्थान ग्रहण किया।
सभी मंचस्थ महानुभावों ने दीप-प्रज्वलन करने के पश्चात् महामना जी के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके साथ ही सभी ने खड़े होकर डाॅ. शान्ति स्वरूप भटनागर द्वारा रचित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय का कुल गीत, “मधुर मनोहर अतीव सुन्दर, ये सर्वविद्या की राजधानी.. का गायन किया जिससे सभी सदस्य रोमांचित हो उठे और सम्पूर्ण सभागार एक नई ऊर्जा से भर गया।
तदोपरांत मंचस्थ महानुभावों का माला, पुष्प गुच्छ, शाल एवं अंग वस्त्र के द्वारा अभिनन्दन किया गया। इसके पश्चात् इं० परेश प्रसाद, महासचिव ने अपना वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए पूर्व में हुईं एवं भविष्य की होने वाली गतिविधियों पर प्रकाश डाला। महासचिव के प्रतिवेदन पर सदस्यों द्वारा चर्चा की गई तथा नये सदस्यों का परिचय एवं उनसे संवाद हुआ।
इस अवसर पर 1965 बैच के 5 अभियंताओं, इं० अजित कुमार श्रीवास्तव, इं० डी एस गुनदेविया, इं० के आर पी पाण्डेय, इं० काली चरण वर्मा, इं० महेन्द्र सहाय, इं० आर आर चौधरी एवं
डाॅ इं० रमापति दुबे को, अभियन्त्रण डिग्री प्राप्त करने की हीरक जयन्ती के उपलक्ष्य में सम्मानित किया गया। इसी अनुक्रम में 1975 बैच के 22 अभियंताओं को डिग्री प्राप्त करने की स्वर्ण जयन्ती पर माला, अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त अस्सी वर्ष की आयु प्राप्त करने वाले वरिष्ठ पुरा छात्रों को भी सपत्नीक सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सम्पादक इं० राजेश कुमार द्वारा संपादित बीएचयू इंजीनियर्स अल्यूमिनी लखनऊ की एक स्मारिका का लोकार्पण मंचस्थ सदस्यों द्वारा किया गया।
मंचस्थ वरिष्ठ संरक्षक सदस्य इं० विजय प्रताप एवं इं० अरुण ने सभी को सम्बोधित करते हुए संगठन में युवा अभियन्ताओं को जोड़ कर इसे और प्रभावशाली बनाने पर बल दिया तथा सभी को अपनी शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के मुख्य आतिथेय डॉक्टर रमा पति दुबे जी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी सदस्यों के योगदान की प्रशंसा की और नए अभियंताओं को जोड़ने के लिए कार्यकारिणी के सदस्यों को उत्प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ा रहे वाराणसी से पधारे प्रो. ए के त्रिपाठी जी ने बीएचयू इंजीनियर्स अल्यूमिनी लखनऊ चैप्टर के सभी सदस्यों की इतने सुन्दर एवं आत्मीयता से ओतप्रोत महाधिवेशन आयोजित करने के लिए भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के अभियन्ताओं ने महामना के आदर्शों का अनुसरण करते हुए
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किया है तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और निरन्तर दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सबसे उत्तम निवेश सम्बन्धों में निवेश करना होता है जिसका कभी क्षय नहीं होता है।
अन्त में अध्यक्ष इं० उदयभान पाण्डेय ने अपने सम्बोधन में कहा कि बीएचयू इंजीनियर्स अल्यूमिनी लखनऊ, अब युवा होने को अग्रसर है, पर इसमें युवाओं की संख्या नहीं बढ़ रही है। इस परिवार में नये युवा अभियन्ताओं का जुड़ाव होते रहना चाहिए जिससे संस्था ऊर्जावान बनी रहे। अपने कार्यकाल में सभी अग्रजों एवं मित्रों के सार्थक सहयोग के लिए उन्होंने हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने वरिष्ठ संस्थापक संरक्षक सदस्य इं० विजय प्रताप जी का, उनके निरन्तर मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। समारोह को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों का भी हार्दिक आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम की सुदृढ़ व्यवस्था एवं मंच की सुन्दर साज-सज्जा के लिए उन्होंने इं० कायम रज़ा रिज़्वी और इं० परेश प्रसाद महासचिव की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अल्प समय में ही संस्था की स्मारिका का सुन्दर सम्पादन एवं प्रकाशन के लिए उन्होंने इं० राजेश कुमार के साथ-साथ निरन्तर मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए इं० विजय प्रताप जी का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि हमें अपनी एकता बनाए रखनी है, एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ देना है और मिलते-जुलते रहना है, थोड़ी-थोड़ी बातों पर रूठ जाना, घर छोड़ना अच्छा नहीं! अपनी ग़ज़ल के इन अश्आर से अपनी बात समाप्त की-
“बस ज़रा सी बात पर, घर छोड़ना अच्छा नहीं।
दिल के रिश्तों को अचानक तोड़ना अच्छा नहीं।।
वक़्त के मरहम से सारे ज़ख़्म भर जाते मगर,
बेसबब घावों को हरदम, छेड़ना अच्छा नहीं।।”
धन्यवाद ज्ञापन संस्था के संरक्षक इं० कायम रज़ा रिज़्वी, उपाध्यक्ष ने किया।



